पूर्व में भी दर्ज हैं कई अपराध, अब खुलेगी ‘गुंडा फाइल’
धमतरी/ आमातालाब स्थित इंडोर स्टेडियम परिसर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर राह चलते लोगों को डरा-धमकाने लगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को धर-दबोचा। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। अब पुलिस उसकी ‘गुंडा फाइल’ खोलने की तैयारी में जुट गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई त्वरित कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार 2 अक्टूबर को सिटी कोतवाली पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान मकई चौक के पास पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक आमातालाब इंडोर स्टेडियम परिसर में चाकू लहराते हुए लोगों को धमका रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा गया।

चाकू बरामद, मौके पर ही गिरफ्तार
पकड़े गए युवक की पहचान रूपेश कोसरीया उर्फ रूप्पु (उम्र 22 वर्ष), निवासी मंहत घासीदास वार्ड, धमतरी के रूप में हुई है। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में उसके पास से धारदार चाकू बरामद कर जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 241/2025, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
पहले भी दर्ज हैं कई मामले
आरोपी रूपेश कोसरीया पर पहले भी कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं।
-
अपराध क्रमांक 121/2022 – धारा 294, 506 भादवि
-
अपराध क्रमांक 161/2024 – धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट
पुलिस अब उसके विरुद्ध गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
धमतरी पुलिस का संदेश
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अवैध हथियार रखने और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
