दिल्ली की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. आम आदमी पार्टी (AAP) के कई नेता और कार्यकर्ता दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव की मौजूदगी में कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए. प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में देवेंद्र यादव ने AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं को कांग्रेस का पटका पहनाकर पार्टी में स्वागत किया.
राहुल गांधी के नेतृत्व में बढ़ रहा कांग्रेस का कद
देवेंद्र यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद दिल्ली में अब जनता कांग्रेस की विचारधारा पर विश्वास जता रही है. अब विपक्षी दलों के कार्यकर्ता कांग्रेस के नेतृत्व और विचारधारा को स्वीकारते हुए पार्टी का हिस्सा बन रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि यह सभी नेता और कार्यकर्ता राहुल गांधी के नेतृत्व में झूठ, भ्रष्टाचार और जनता को गुमराह करने वाली राजनीति के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे.

AAP नेताओं की बड़ी खेप कांग्रेस में शामिल
कांग्रेस में शामिल होने वालों में वार्ड 233 के निगम प्रत्याशी राशिद अली, कड़कड़डूमा कोर्ट के सदस्य सनफ खान, रेशमा खान, शुभम पांचाल, तनिष्क जयंत, रोहित शर्मा, शोयब इकरा, फिरोज मलिक, कंचन शर्मा, समरीन सैफी, तरन्नम मिर्जा, रईस अंसारी, आरिफ जैसे नाम शामिल रहे.
इसके अलावा, मटियाला विधानसभा से जनवेद यादव, साहिल राणा, तिलक नगर से सुखविंदर पाल सिंह, विकासपुरी से संयोगिता और उमेद सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं का कांग्रेस में शामिल होना साफ इशारा करता है कि दिल्ली में केजरीवाल की पकड़ कमजोर पड़ रही है.
कार्यक्रम में जुटे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष के अलावा जिला अध्यक्ष आदेश भारद्वाज, धर्मपाल चंदेला, पर्यवेक्षक डॉ. पीके मिश्रा, राजेश यादव, लक्ष्मण रावत, मोहम्मद शहजाद, महेंद्र खेड़ा और रघुविंद्र सिंह पठानिया भी मौजूद रहे.
