196.27 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति, शहरवासियों को मिलेगा नया मनोरंजन स्थल
धमतरी/ 01 सितम्बर राज्य शासन ने धमतरी नगर पालिक निगम क्षेत्र के कांटा तालाब में चौपाटी निर्माण के लिए ₹196.27 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। यह स्वीकृति छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 एवं मेयर-इन-कौंसिल नियम 1998 के तहत दी गई है।
इस परियोजना से शहरवासियों को एक नया और भव्य सार्वजनिक स्थल मिलेगा, जो मनोरंजन, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए उपयोगी होगा।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा:
“कांटा तालाब चौपाटी निर्माण से धमतरी शहर को एक सुंदर और सुसज्जित सार्वजनिक स्थल मिलेगा। यह परियोजना शहर के सौंदर्यीकरण में सहायक होगी और पर्यटकों को भी आकर्षित करेगी।
महापौर रामू रोहरा ने कहा:
“यह हमारे शहर के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। यहां लोग परिवार संग समय बिता सकेंगे और सांस्कृतिक आयोजन भी हो सकेंगे। नगर निगम इसे उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करेगा।”