Sony FX5 Camera Launch : आज के दौर में वीडियो रिकॉर्ड करने के साथ उसे अलग-अलग प्लेटफॉर्म के हिसाब से तैयार करना भी जरूरी हो गया है. एक ही वीडियो को कभी YouTube के लिए इस्तेमाल करना होता है, तो कभी Instagram Reels और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर करना पड़ता है. ऐसे में वीडियो का फ्रेम बदलने पर कई बार तस्वीर का जरूरी हिस्सा कट जाता है.
इसी परेशानी को ध्यान में रखते हुए Sony ने भारतीय बाजार में अपना नया कैमरा Sony FX5 पेश किया है. कंपनी की Cinema Line सीरीज के इस फुल-फ्रेम कैमरे की सबसे बड़ी खासियत Open Gate शूटिंग है. इसके अलावा कैमरे में इन-बिल्ट RAW रिकॉर्डिंग, 5K वीडियो और बेहतर इमेज स्टेबिलाइजेशन जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं.
Sony FX5 में आया Open Gate फीचर
Sony FX5 का Open Gate फीचर इसे खास बनाता है. इसमें कैमरा सेंसर के पूरे 3:2 एरिया का इस्तेमाल करके रिकॉर्डिंग कर सकता है. इससे वीडियो को अलग-अलग स्क्रीन फॉर्मेट में इस्तेमाल करने के लिए ज्यादा जगह मिलती है, हालांकि Open Gate रिकॉर्डिंग सिर्फ X-OCN फॉर्मेट में उपलब्ध है. यह कैमरा 60fps पर 5K, 120fps पर 4K और 240fps पर Full HD वीडियो रिकॉर्ड कर सकता है. इसमें Sony का X-OCN RAW फॉर्मेट भी दिया गया है, जिससे बिना किसी बाहरी रिकॉर्डर के कैमरे में ही RAW वीडियो रिकॉर्डिंग की जा सकती है.

नया सेंसर और AI ऑटोफोकस
इस कैमरे में नया फुल-फ्रेम Exmor RS CMOS सेंसर और BIONZ XR2 प्रोसेसर दिया गया है. Sony के मुताबिक, यह S-Log3 में 15 स्टॉप से ज्यादा डायनेमिक रेंज देता है. इसमें 800, 4000 और 12800 के तीन बेस ISO ऑप्शन मिलते हैं. साथ ही Dual Gain Shooting फीचर भी दिया गया है. ऑटोफोकस के लिए इसमें AI आधारित तकनीक का इस्तेमाल किया गया है. Real-time Tracking की मदद से रिकॉर्डिंग के दौरान सब्जेक्ट को ट्रैक करना भी आसान होता है.
Sony FX5 की भारत में कीमत
Sony FX5 को भारत में 5,61,990 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया गया है. वहीं इसका FX5B वेरिएंट 5,09,990 रुपये में उपलब्ध है. कैमरे की बिक्री 2 नवंबर 2026 से शुरू हो गई है. इसे Sony के रिटेल स्टोर, Sony Center, Camera Lounge, Alpha Flagship स्टोर, ShopatSC वेबसाइट और प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक स्टोर से खरीदा जा सकता है.

Sony FX5 के साथ मिलेंगे ये एक्सेसरीज
कंपनी ने कैमरे के साथ तीन अलग एक्सेसरीज भी पेश की हैं. इनमें DVF-EL1 OLED व्यूफाइंडर की कीमत 1,05,990 रुपये, XLR-H2 हैंडल यूनिट की कीमत 1,33,990 रुपये और VMC-BNCU1 टाइमकोड केबल की कीमत 13,990 रुपये है. XLR-H2 हैंडल चार चैनल में 96kHz और 32-bit फ्लोट ऑडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट करता है.
