धमतरी/ जिले के थाना खल्लारी क्षेत्र के ग्राम फरसगांव में मोबाइल देखने की बात को लेकर दो भाइयों के बीच हुए विवाद में 16 वर्षीय छोटे भाई की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बड़े भाई कैलाश सोरी (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
मोबाइल देखने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 25 अक्टूबर 2026 की रात की है। खाना खाने के बाद कैलाश सोरी और उसका छोटा भाई कुंदन सोरी (16 वर्ष) घर के आंगन में बैठकर मोबाइल देख रहे थे। इसी दौरान मोबाइल देखने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर बड़े भाई कैलाश सोरी ने डंडे से छोटे भाई कुंदन के सिर और पीठ पर वार कर दिया। हमले से कुंदन जमीन पर गिर गया। उसके माथे और पैर में भी चोटें आईं। बाद में उसकी मृत्यु हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या का मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलने पर थाना खल्लारी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा तैयार किया तथा पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।
डॉक्टर से प्राप्त शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक पाए जाने के बाद पुलिस ने थाना खल्लारी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
आरोपी बड़ा भाई गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी कैलाश सोरी (19 वर्ष), पिता जैतराम सोरी, निवासी ग्राम फरसगांव, थाना खल्लारी, जिला धमतरी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

मृतक का विवरण: कुंदन सोरी (16 वर्ष), पिता जैतराम सोरी, निवासी ग्राम फरसगांव, थाना खल्लारी, जिला धमतरी।
धमतरी पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पारिवारिक और आपसी विवादों के दौरान संयम बनाए रखें। विवाद को हिंसक रूप लेने से रोकने के लिए शांति और समझदारी से काम लें।
