भखारा थाना क्षेत्र के गोठान के पास हुआ हादसा, घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश
धमतरी/ जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हंचलपुर में सोमवार सुबह दो मोटरसाइकिलों के बीच भिड़ंत हो गई। हादसे में 17 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया। वहीं, गोठान के पास लगातार दुर्घटना की आशंका को देखते हुए सड़क पर ब्रेकर बनाने की मांग फिर तेज हो गई है।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
अस्पताल पुलिस सहायता केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम हंचलपुर निवासी द्वारिका यादव (17 वर्ष), पिता रामचंद्र यादव, अपने दोस्त गौरव साहू के साथ मोटरसाइकिल से कहीं जा रहा था। इसी दौरान शत्रुघ्न किराना दुकान के पास बाइक क्रमांक CG 05 AL 9213 ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
द्वारिका के पिता रामचंद्र यादव ने बताया कि वह घटना के समय पास के गोठान में मौजूद थे। तभी उनकी बेटी ने सूचना दी कि मौके पर कोई दुर्घटना हुई है और वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई है। सूचना मिलते ही वे घटनास्थल पर पहुंचे, जहां द्वारिका बेहोशी की हालत में पड़ा था।
परिजन उसे तत्काल निजी वाहन से जिला अस्पताल धमतरी लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सुबह 10:50 बजे उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना सुबह करीब 10 बजे हुई थी।

गोठान के पास ब्रेकर की मांग
ग्रामीणों के अनुसार, गोठान के पास अक्सर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इस स्थान पर सड़क हादसों को रोकने के लिए कई बार ब्रेकर बनाने की मांग की जा चुकी है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
हादसे के बाद एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों की मांग है कि संबंधित विभाग दुर्घटना संभावित स्थान पर आवश्यक सुरक्षा उपाय करे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

धमतरी | छत्तीसगढ़
