धमतरी/ भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) की अधिकारी भावना पांडेय ने सोमवार को धमतरी जिले की नई पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस दौरान निवर्तमान पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने उन्हें विभागीय प्रक्रिया के तहत कार्यभार सौंपते हुए जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सामुदायिक पुलिसिंग और चल रहे विशेष अभियानों की विस्तृत जानकारी दी।
पदभार ग्रहण समारोह में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपी, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नवपदस्थ एसपी का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया और उनके नेतृत्व में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने का भरोसा जताया।
पदभार ग्रहण करने के बाद एसपी भावना पांडेय ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि धमतरी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर त्वरित एवं प्रभावी नियंत्रण, पीड़ितों को समयबद्ध न्याय तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना होगा। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही और सेवा भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर लंबित प्रकरणों, कार्यालयीन व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण तथा समयबद्ध कार्य निष्पादन के निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए नागरिकों के साथ सतत संवाद बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी मीना साहू, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
