एम्स, एनआईटी, आईआईटी के छात्रों ने बांटी सफलता की कुंजी, 250 छात्र हुए शामिल
धमतरी/ 8 अक्टूबर जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को नगर पालिका निगम सामुदायिक भवन में कैरियर काउंसलिंग एवं गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दो सत्रों में हुए इस कार्यक्रम में जिले के लगभग 250 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने किया। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा — “जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। लक्ष्य तय कर उस पर सतत प्रयास करें। सोशल मीडिया पर समय नष्ट करने के बजाय हर दिन अपने लक्ष्य की ओर एक कदम बढ़ाएं।”
एम्स रायपुर, एनआईटी रायपुर, आईआईटी भिलाई से आए मेधावी विद्यार्थियों ने छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं, समय प्रबंधन और करियर निर्धारण को लेकर प्रेरणादायक सुझाव दिए।

दूसरे सत्र में गिनीज रिकॉर्डधारी मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. संतोष राय ने कॉमर्स क्षेत्र में संभावनाओं पर विस्तार से बताया। वहीं, सीए प्रवीण बाफना, साइकोलॉजिस्ट डॉ. मिठ्ठू, और सुमीत भट्टाचार्य ने वाणिज्य, मानसिक स्वास्थ्य और विधिक सेवाओं में करियर गाइडेंस दिया।
कार्यक्रम का लाइव प्रसारण यूट्यूब के माध्यम से जिले की सभी शालाओं में किया गया। समापन पर कलेक्टर मिश्रा ने अतिथि वक्ताओं और प्रेरक विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
धन्यवाद ज्ञापन जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल ने किया। इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी श्री देवेश सूर्यवंशी, अनुराग त्रिवेदी, नंदकिशोर साहू, अजय पांडे और महेश्वर वर्मा भी उपस्थित रहे।
