छतीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. वीडियो में दिखाया गया है कि बीच सड़क पर दो सांड सड़क पर बुरी तरह लड़ते नजर आ रहे हैं और इनकी खतरनाक लड़ाई में एक स्कूटी सवार लड़की अनजाने में फंस जाती है और वह सड़क पर गिर जाती है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसपर लोग कई कमेंट्स कर रहे हैं.
स्कूटी समेत सड़क पर गिरी लड़की
यह घटना रायपुर के समता कॉलोनी की बताई जा रही है. वीडियो में दिखाया गया है कि दो सांड सड़क पर एक-दूसरे से भिड़ रहे हैं. दोनों ही एक-दूसरे को धक्का दे रहे हैं और आसपास मौजूद लोग इस भयावह लड़ाई का वीडियो मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर रहे हैं.
इस लड़ाई के दौरान एक स्कूटी सवार लड़की लड़ाई के बीच में आ जाती है. सांड की टक्कर लगने से स्कूटी का बैलेंस बिगड़ जाता है और लड़की स्कूटी समेत सड़क पर गिर जाती है. सड़क पर मौजूद लोग इस दृश्य को देखकर हैरान रह जाते हैं.
हादसे में लड़की को गंभीर चोटें नहीं आई
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लड़की कितनी बुरी तरह से स्कूटी से नीचे गिर गई. गनीमत रही कि हादसे में लड़की को गंभीर चोटें नहीं आई और उसकी जान बाल-बाल बच गई. सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों ने कई फनी कमेंट्स किए.
कुछ लोग वीडियो को मजे के तौर पर देख रहे तो वहीं कुछ लोग इसे एक खतरनाक घटना बता रहे. लोगों ने कहा कि हादसे में लड़की सांड की चपेट में आने से बच गई. इस वीडियो को लोग काफी शेयर कर रहे हैं
