राजस्थान के बीकानेर जिले में बड़े ट्रेन हादसे की खबर है. यहां पर अजमेर जा रही एक मालगाड़ी डिरेल हो गई और ट्रेन के करीब 37 डब्बे पटरी से उतर गए. डिरेलमेंट के बाद कई डब्बे पटरी से उतरकर दूर जा गिरे और कइयों के पहिए निकल गए हैं. राहत की बात यह है कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है.
रेलवे के अफसरों के मुताबिक, मालगाड़ी में सवार सभी रेल कर्मचारी सुरक्षित हैं. इस दुर्घटना की वजह से रेल यातायात ठप हो गया है. इस हादसे के बाद दो ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं. कुछ ट्रेनों को बदले हुए रास्ते से चलाए जाने का फैसला किया गया है.

जयपुर से स्पेशल रिलीफ ट्रेन रवाना
नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे के सीपीआरओ शशि किरण के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 7:30 बजे हुआ है. मौके पर राहत और बचाव की टीमें पहुंच गई हैं. रेल ट्रैक को खाली करने का काम शुरू कर दिया गया है. जोन के हेडक्वार्टर जयपुर से भी स्पेशल रिलीफ ट्रेन रवाना कर दी गई है.
हादसा चानी रेलवे स्टेशन के पास हुआ है. स्थानीय ग्रामीण भी रेल कर्मचारियों की मदद कर रहे हैं. इस रेल हादसे के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है. आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.
