जनदर्शन में उमड़ी भीड़, सड़क–नाली से लेकर पानी–रोशनी तक की शिकायतें दर्ज
धमतरी/ नगर निगम कार्यालय के बाहर आयोजित जनदर्शन में शहर के हर वार्ड से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। लोगों ने सड़क, नाली, पेयजल, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, आवास, पेंशन सहित विभिन्न मूलभूत समस्याएँ महापौर रामू रोहरा के सामने रखीं।
महापौर ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए जिन मामलों का समाधान तुरंत संभव था, उनके लिए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं तकनीकी और दीर्घकालिक समस्याओं को प्राथमिकता सूची में शामिल कर तय समय में निराकरण सुनिश्चित करने की बात कही।

महापौर रामू रोहरा ने कहा कि “नगर के सभी वार्ड मेरे लिए समान हैं। हर नागरिक को समय पर मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराना निगम की जिम्मेदारी है। जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
जनदर्शन के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ, जिससे कई वर्षों से लंबित मुद्दों को आगे बढ़ाने का मार्ग साफ हुआ। कार्यक्रम में निगम अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
