धमतरी। जनसमस्याओं को मौके पर जाकर सुनने और समाधान की अपनी कार्यशैली को आगे बढ़ाते हुए महापौर रामू रोहरा रविवार को जोधापुर वार्ड निवासी आशाबाई के घर पहुंचे। कुछ दिन पहले आशाबाई ने नगर निगम कार्यालय में महापौर से मुलाकात कर आर्थिक स्थिति खराब होने और आवास की समस्या बताते हुए पट्टा दिलाने और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की थी। तब महापौर ने स्वयं स्थल निरीक्षण करने का आश्वासन दिया था।
मौके पर पहुंचकर महापौर ने आशाबाई से पूरे मामले की जानकारी ली और घर की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने पट्टा प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों को दस्तावेजों की तुरंत जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही पीएम आवास योजना के लिए पात्रता की पुष्टि होने पर फाइल जल्द भेजने का आश्वासन दिया।

महापौर रोहरा ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद तक शासन की योजनाएं पहुंचाना है। गरीब और बेसहारा परिवारों के लिए निगम पूरी जिम्मेदारी से काम कर रहा है। “हर पात्र परिवार को उसका अधिकार दिलाना हमारी प्राथमिकता है,” उन्होंने कहा।
स्थानीय नागरिकों ने महापौर के इस जमीनी पहल की सराहना की और इसे जनहित में उठाया गया सकारात्मक कदम बताया।
