धमतरी/ बीजापुर से रायपुर जा रही बस में सफर के दौरान एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई। युवक को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल धमतरी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
मृतक की पहचान लाल बिहारी भुइया (32 वर्ष), निवासी नगरी थाना पांकी, जिला पलामू (झारखंड) के रूप में हुई है। मृतक के साथ काम करने वाले उसके भाई बसंत भुइया ने पुलिस को बताया कि लाल बिहारी, रामनाथ और अन्य साथियों के साथ किरंदुल में छड़ बांधने का काम करता था। 10 जुलाई को लाल बिहारी अपने भाई रामनाथ के साथ अपने गृहग्राम झारखंड के लिए रवाना हुआ था।
बसंत ने बताया कि शाम के समय जब उसने लाल बिहारी से संपर्क करने की कोशिश की तो फोन नहीं लगा। रात करीब 8 बजे रामनाथ की पत्नी ने उसे लाल बिहारी की मौत की जानकारी दी। इसके बाद उसने पत्रकार कृष्णा मंडल से संपर्क किया, जहां से पता चला कि लाल बिहारी का शव जिला अस्पताल धमतरी में है। सूचना मिलने पर बसंत अपने साथियों के साथ जिला अस्पताल पहुंचा।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यात्रा के दौरान अर्जुनी के पास लाल बिहारी की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसकी नाक से खून निकलने लगा। बस चालक ने तत्काल बस रोककर 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल भेजा गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में एक और बात सामने आई है कि लाल बिहारी के साथ यात्रा कर रहा उसका भाई रामनाथ अस्पताल पहुंचने से पहले ही वहां से चला गया। हालांकि शुरुआती सूचना उसी ने परिवार को दी थी, लेकिन इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है। वह न तो जिला अस्पताल पहुंचा और न ही अब तक अपने घर झारखंड पहुंचने की जानकारी मिली है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि युवक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
