धमतरी/ पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा चाकूबाजी, गुंडागर्दी और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस द्वारा विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना भखारा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में धारदार चाकू लेकर सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पहले मामले में मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक धारदार चाकू लेकर लोगों में भय का माहौल बना रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर नरेंद्र कुमार पटेल (25 वर्ष), निवासी ग्राम भिंडरावनी भाटापारा, थाना भखारा को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

वहीं दूसरे मामले में पुलिस को सूचना मिली कि मनीष यादव (19 वर्ष), निवासी ग्राम भिंडरवानी, थाना भखारा मुक्तिधाम के पास धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया और उसके पास से एक धारदार चाकू जब्त किया। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूमता हुआ दिखाई दे या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि करता नजर आए, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वाले, अवैध हथियार रखने वालों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त एवं निरंतर वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
