धमतरी/ शनिवार को जिले के सिहावा क्षेत्र के गढ़ीहापारा के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर पलटने से 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही सिहावा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंडरीपानी निवासी सुमन मरकाम (18 वर्ष), पिता रामगुलाल मरकाम, अपने बड़े पिताजी का ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भीतररास की ओर जा रहा था। शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे गढ़ीहापारा के पास अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में पलट गया।

हादसा इतना भीषण था कि चालक सुमन मरकाम ट्रैक्टर के नीचे दब गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
वहीं ट्रैक्टर में सवार डोमेश्वर यादव (13 वर्ष), पिता गोविंद यादव, निवासी पंडरीपानी गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही सिहावा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए नगरी भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
