धमतरी/ धमतरी पुलिस ने घर में घुसकर महिला एवं उसके परिवार के साथ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और तोड़फोड़ करने के मामले में तीन आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम सेहराडाबरी निवासी प्रीति साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 जून की रात करीब 9 बजे आरोपी उमेश साहू उनके घर वाहन मांगने आया था। वाहन देने से इनकार करने पर वह नाराज होकर लौट गया। इसके बाद रात करीब 12 बजे उमेश साहू उर्फ छोटू, देवेंद्र साहू और प्रणेश मांडवी उर्फ प्रिंस जबरन घर में घुस गए। आरोपियों ने प्रीति साहू, उनके पति मनोज साहू और पुत्री नीलिमा साहू के साथ मारपीट की, गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। पुलिस के मुताबिक, उमेश साहू ने लकड़ी के डंडे से हमला कर मनोज साहू और उनकी पुत्री को चोट पहुंचाई।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने घर के दरवाजे, खिड़कियां, बिजली मीटर, गमले, कुर्सी और मोटरसाइकिल में भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। शिकायत के आधार पर अर्जुनी थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने देवेंद्र साहू (22 वर्ष), उमेश साहू उर्फ छोटू (22 वर्ष) और प्रणेश मांडवी उर्फ प्रिंस (18 वर्ष), सभी निवासी ग्राम सेहराडाबरी, थाना अर्जुनी, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि महिलाओं, बच्चों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, मारपीट, धमकी और गुंडागर्दी करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर एवं त्वरित वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
