धमतरी/ रायपुर-जगदलपुर नेशनल हाईवे-30 पर नियमित वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुरुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक कार से करीब 65 लाख रुपए से अधिक की नकदी बरामद की है। मामला ग्राम मरकाटोला के पास का बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, केशकाल से बालोद की ओर जा रही एक कार को पुलिस ने संदेह के आधार पर रोककर जांच की। तलाशी के दौरान वाहन में रखे दो अलग-अलग झोलों से 500-500 रुपए के नए नोटों की बड़ी खेप मिली। भारी मात्रा में नकदी मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
पुलिस जांच में कार सवार युवक की पहचान बालोद निवासी एक व्यापारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वाहन से कुल करीब 65 लाख रुपए नगद बरामद किए गए हैं। रकम की गिनती में पुलिस टीम को लगभग तीन घंटे का समय लगा।

पुलिस के मुताबिक, व्यापारी मौके पर नकदी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जानकारी प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पूरी रकम को जब्त कर लिया गया।
मामले की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ आयकर विभाग को भी दे दी गई है। फिलहाल पुलिस और आयकर विभाग इस बात की जांच कर रहे हैं कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई जा रही थी और इसका उपयोग किस उद्देश्य के लिए किया जाना था।
