थाना भखारा पुलिस ने आरोपी को रंगे हाथ किया गिरफ्तार, 30 पौवा देशी शराब जब्त
धमतरी में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थ, अवैध शराब एवं जुआ-सट्टा के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना भखारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध शराब बिक्री करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना भखारा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि रोशन राइस मिल स्थित नीम पेड़ पुल के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजु साहू उर्फ तुलसी साहू (54 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 03, भखारा थाना भखारा जिला धमतरी के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से 30 पौवा देशी प्लेन शराब जिसकी अनुमानित कीमत 2,400 रुपए बताई गई है, जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना भखारा में अपराध क्रमांक 54/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की है। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों में संलिप्त असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
