बीते 10 दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में चौथी बार बढ़ोतरी होने पर कांग्रेस का पहला रिएक्शन आया है. कांग्रेस ने पीएम मोदी को ‘महंगाई मैन’ बताते हुए कहा कि वो जनता की जेब काटने में लगे हैं. विपक्षी दल का कहना है कि सरकार की वसूली थमने का नाम नहीं ले रही है.
कांग्रेस ने एक्स पर लिखा, ‘महंगाई मैन मोदी ने पेट्रोल-डीजल 11 दिन में 8 रुपए महंगा कर दिया. आज फिर पेट्रोल पर 2.87 रुपए और डीजल पर 2.80 रुपए बढ़ा दिए गए हैं.’ पार्टी ने जिस तारीख को कीमतों में जितनी बढ़ोतरी हुई थी, उसका डेटा शेयर किया. उसके बाद लिखा, ‘अपने पूंजीपति दोस्तों को मालामाल करने के लिए मोदी जनता की जेब काटने में लगे हैं. लोग महंगाई में पिस रहे हैं, परेशान हैं, लेकिन ‘महंगाई मैन’ की वसूली थमने का नाम नहीं ले रही.’

10 दिन में पेट्रोल 7.35 रुपये महंगा
तेल कंपनियों ने आज यानी 25 मई की सुबह 6 बजे से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी. जिसके बाद दिल्ली में पेट्रोल 2.61 रुपये महंगा होकर 102.12 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है. जबकि डीजल 2.71 रुपये बढ़कर 95.20 रुपये प्रति लीटर हो गया है. इससे पहले 15 मई को करीब 3 रुपए, फिर 19 मई को करीब 90 पैसे, 23 मई को फिर 90 पैसे और अब 25 मई को एक बार फिर बड़ा इजाफा किया गया है. कुल मिलाकर पिछले 10 दिन में पेट्रोल 7.35 रुपये और डीजल 7.53 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ है.
मुंबई से लेकर पटना तक क्या हैं रेट?
मुंबई में आज पेट्रोल की कीमत 111.21 रुपये प्रति लीटर है, जो कल के रेट 108.45 के मुकाबले कुछ ज्यादा है. वहीं नोएडा में डीजल की कीमत 95.56 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर है. भोपाल में डीजल की कीमत 99.64 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल 114.57 रुपये प्रति लीटर है. इसी तरह चंडीगढ़ में डीजल 89.47 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल के दाम 101.51 रुपये प्रति लीटर हैं. पटना में डीजल की कीमत 99.36 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल की कीमत 113.37 रुपये प्रति लीटर है.
