धमतरी। जिले में पुलिस आपातकालीन सेवा को और अधिक मजबूत एवं आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पुलिस लाइन रूद्री में आयोजित कार्यक्रम में 12 नए हाईटेक डायल-112 ईआरवी (Emergency Response Vehicle) वाहनों को रवाना किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार, महापौर रामू रोहरा एवं जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
इन अत्याधुनिक ईआरवी वाहनों को जिले के 10 थाना क्षेत्रों एवं डायल-112 कार्यालय में 24 घंटे सक्रिय रूप से तैनात किया जाएगा। वाहनों में GPS ट्रैकिंग, PTZ कैमरा, डैश कैमरा एवं मोबाइल डेटा टर्मिनल जैसी आधुनिक तकनीक उपलब्ध है, जिससे घटनास्थल तक त्वरित पहुंच और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सकेगी।

कार्यक्रम में बताया गया कि डायल-112 योजना के तहत शहर क्षेत्रों में 10 मिनट एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर पुलिस सहायता उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। सड़क दुर्घटना, महिला अपराध, विवाद, मारपीट एवं अन्य आपात परिस्थितियों में अब नागरिकों को और तेजी से सहायता मिल सकेगी।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि “हर सूचना पर संवेदनशीलता और तत्परता के साथ न्यूनतम समय में सहायता पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।” वहीं महापौर रामू रोहरा एवं जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा ने इस सेवा को आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।
