धमतरी/ में आयोजित जिला स्तरीय सुशासन तिहार कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले में संचालित विकास कार्यों, नवाचारों एवं सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 9 हजार 350 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 9 हजार 140 मांग संबंधी तथा 210 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल हैं। इनमें से 5 हजार 333 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है, जबकि शेष प्रकरणों के त्वरित निराकरण हेतु विभागीय स्तर पर सतत कार्यवाही जारी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विष्णु देव साय ने कहा कि 01 मई से 10 जून तक आयोजित सुशासन तिहार के माध्यम से प्रदेशभर में आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गांवों में क्लस्टरवार शिविर लगाकर लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर संभाग के नक्सलमुक्त होने के बाद लगभग 20 से 22 हजार महिलाएं पहली बार महतारी वंदन योजना से लाभान्वित हुई हैं। सरकार अंत्योदय की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने प्रशासनिक पारदर्शिता और डिजिटल गवर्नेंस को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि जल्द ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन प्रारंभ की जाएगी, जिससे आम नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे और समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एवं बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का उल्लेख करते हुए नागरिकों से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया, जिनमें छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल, आयुष विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा नगरीय प्रशासन विभाग शामिल रहे। उन्होंने हितग्राही मूलक योजनाओं के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को चाबी सौंपी। इसके अलावा तपेदिक रोगियों को फूड किट, दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल एवं अन्य सामग्री वितरित की गई।
मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर ड्रीम कॉरिडोर वीडियो एवं मां अभियान की कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन धमतरी एवं लर्निंग जॉय के बीच एमओयू किया गया तथा हस्त्रमं हैंडलूम का शुभारंभ भी हुआ।
धमतरीवासियों को मिली विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धमतरीवासियों को कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें अंबेडकर चौक से रूद्री चौक तक फोरलेन सड़क निर्माण, धमतरी में पेयजल इंटेकवेल, रानी दुर्गावती चौक (लक्ष्मी निवास) से बिलाईमाता मंदिर तक गौरवपथ निर्माण, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुरूद भवन के लिए डेढ़ करोड़ रुपए की स्वीकृति तथा पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल के लिए राशि मंजूरी की घोषणा शामिल है।
कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक अजय चंद्राकर, विधायक ओंकार साहू, महापौर रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, पूर्व विधायक रंजना साहू, इंदर चोपड़ा, पिंकी शिवराज शाह, कमिश्नर रायपुर संभाग श्याम धावड़े, पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार, सीईओ जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
