धमतरी/ मगरलोड/ धमतरी जिले में भखारा थाना और मगरलोड क्षेत्र में बुधवार को दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। एक घटना में हार्वेस्टर की चपेट में आने से किसान की मौत हुई, जबकि दूसरी घटना में ट्रैक्टर के नीचे दबने से महिला ने दम तोड़ दिया। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।
भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम रींवागहन में हार्वेस्टर लोड करते समय हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार लालाराम साहू (50) अपने ट्रैक्टर से खेत गए थे। हार्वेस्टर खराब होने के बाद उसकी मरम्मत कराई गई थी। हार्वेस्टर को ट्रॉली में लोड करने के दौरान ट्रैक्टर चढ़ाई पर अचानक रिवर्स हो गया, जिससे ट्रॉली में बैठे लालाराम साहू हार्वेस्टर के पहिए के नीचे दब गए। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

वहीं दूसरी घटना मगरलोड क्षेत्र के ग्राम खिसोरा की है। यहां सेवती बाई साहू अपने मायके आई हुई थीं और खेत में धान कटाई कार्य के लिए गई थीं। शाम को तेज आंधी-तूफान के दौरान वह एक अन्य महिला के साथ ट्रैक्टर के नीचे बैठी थीं। इसी दौरान चालक ने अचानक ट्रैक्टर चालू कर दिया। दूसरी महिला बाहर निकल गई, लेकिन सेवती बाई ट्रैक्टर के पहिए की चपेट में आ गईं। उन्हें राजिम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
करेली बड़ी चौकी प्रभारी एएसआई राधेश्याम बंजारे ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मर्ग जांच की कार्रवाई की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ट्रैक्टर चालक और मालिक के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
