रायपुर/ रायपुर में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। टिकरापारा थाना क्षेत्र में पार्टी करने के लिए एक युवक को बंधक बनाकर उससे एटीएम से जबरन पैसे निकलवाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक, कुशालपुर निवासी विशाल सोनकर एक निजी कंपनी में काम करता है। 8 मई को वह टिकरापारा इलाके से शंकरनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान साहू भवन के पास स्थित एक पान ठेले पर वह रुका। तभी वहां विशाल बृजवानी उर्फ दीनू अपने दो साथियों के साथ पहुंचा।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने युवक के साथ बिना किसी वजह के गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और फिर जबरदस्ती उसी के मोपेड पर बैठाकर पास के एटीएम तक ले गए। एटीएम के भीतर भी आरोपियों ने युवक को डराया-धमकाया और उसके खाते से 10 हजार रुपए निकलवा लिए। रकम लेने के बाद आरोपी युवक को वहीं छोड़कर फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित ने टिकरापारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विशाल बृजवानी उर्फ दीनू को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी के खिलाफ पहले से 5 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस कमिश्नर को आरोपी के खिलाफ जिला बदर की अनुशंसा भी भेजी गई है।
फिलहाल पुलिस फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
