दुर्ग में देर रात विवाद ने लिया खूनी रूप, दो युवक गंभीर घायल
दुर्ग/ छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने सोमवार देर रात खूनी रूप ले लिया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, राजीव नगर निवासी जितेश ठाकुर अपने दोस्तों राहुल ठाकुर और नेहरू ठाकुर के साथ केजू राइस मिल के पास खड़े थे। इसी दौरान कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि एक युवती से बातचीत को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद और नाराजगी चल रही थी।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में जितेश ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल ठाकुर और नेहरू ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने मामले में पांच संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
