धमतरी/ हाथियों की गतिविधियों और उनके खान-पान की आदतों पर नजर रखने के लिए उपयोग किए जा रहे ‘हाथी अलर्ट ऐप’ से कई रोचक और महत्वपूर्ण आंकड़े सामने आए हैं। इन आंकड़ों के विश्लेषण से पता चला है कि जंगलों में हाथियों के भोजन का प्रमुख हिस्सा कौन-सी वनस्पतियां हैं और वे किन पेड़-पौधों की ओर सबसे ज्यादा आकर्षित हो रहे हैं।
आंकड़ों में दिखी हाथियों की पसंद
ऐप से प्राप्त डेटा के अनुसार, हाथियों ने सबसे अधिक बार “अन्य वनस्पतियों” का सेवन किया, जिसे रिकॉर्ड में 1175 बार दर्ज किया गया। वहीं विशिष्ट प्रजातियों में तेन्दु की जड़ और पत्ते हाथियों का सबसे पसंदीदा भोजन बनकर उभरे, जिसका सेवन 430 बार दर्ज किया गया।
आमतौर पर यह माना जाता है कि हाथियों को महुआ सबसे ज्यादा पसंद होता है, लेकिन आंकड़ों ने अलग तस्वीर पेश की है। डेटा के मुताबिक हाथियों ने महुआ का सेवन 180 बार किया, जबकि बांस करील 329 बार और साल की जड़ व पत्तों का सेवन 323 बार किया गया।

हाथियों के भोजन का विस्तृत रिकॉर्ड
हाथियों के प्रमुख आहार में शामिल वनस्पतियों का विवरण इस प्रकार है—
- मोदे/मोयन की छाल और जड़ — 287 बार
- विभिन्न प्रकार की घास (शुक्ला, डोबे, भोंड) — 267 बार
- भेवला की जड़ और पत्ते — 214 बार
- छिंद की जड़ — 205 बार
- सेन्हा/लेंडिया — 129 बार
- माहुल बेल के पत्ते — 125 बार
वन विभाग के लिए उपयोगी साबित होगा डेटा
विशेषज्ञों का मानना है कि यह डेटा हाथियों के व्यवहार और उनके प्राकृतिक आहार को समझने में बेहद उपयोगी साबित होगा। इससे वन विभाग को हाथियों के प्राकृतिक आवास में भोजन की उपलब्धता बढ़ाने, कॉरिडोर प्रबंधन और मानव-हाथी संघर्ष कम करने की योजना बनाने में मदद मिलेगी।
‘हाथी अलर्ट ऐप’ न केवल ग्रामीणों को समय रहते सतर्क कर जन-धन की हानि रोकने में सहायक बन रहा है, बल्कि वन्यजीवों के वैज्ञानिक अध्ययन के लिए भी मजबूत आधार तैयार कर रहा है।
