धमतरी/ गंगरेल और मरादेव के बीच जंगल क्षेत्र में एक वन्यप्राणी चीतल पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से वन विभाग और क्षेत्रीय लोगों में चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार कुत्तों ने चीतल के पीछे के पैर के नीचे जंघा के पास बुरी तरह नोच लिया था। गंभीर चोट लगने के कारण चीतल चलने-फिरने और भागने में असमर्थ हो गया था। सुबह घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल चीतल का रेस्क्यू कर उसे पशु चिकित्सालय लाया गया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया।
हालांकि उपचार के दौरान सुबह लगभग 10:30 बजे चीतल ने दम तोड़ दिया। वन विभाग के मुताबिक मृत चीतल नर था और उसकी उम्र लगभग 6 से 7 वर्ष बताई गई है।

वन विभाग ने बताया कि लगातार बढ़ती गर्मी और जंगलों में पानी की कमी के कारण वन्यप्राणी भोजन और पानी की तलाश में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की ओर आ रहे हैं। इसी दौरान वे आवारा कुत्तों और अन्य खतरों का शिकार हो रहे हैं।
विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं वन्यप्राणी दिखाई दें तो उन्हें परेशान न करें तथा तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
