धमतरी/बालोद | शुक्रवार शाम बालोद जिले के झलमला–रानीमाई मार्ग में तालगांव के आगे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में सुरेश यादव (45 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। इनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें जिला अस्पताल से हाई सेंटर रेफर किया गया है।
शादी कार्यक्रम से लौट रहे थे सभी
घायलों के अनुसार, धमतरी के पास ग्राम भानपुरी में टीकाराम यादव की बेटी की शादी डौंडी ब्लॉक के ग्राम ढोर्रठिमा में हुई थी। शादी के बाद परिवार के लोग “चौथिया” कार्यक्रम में शामिल होने पिकअप वाहन से जा रहे थे।
बताया गया कि वाहन में 35 से अधिक लोग सवार थे।
तेज रफ्तार और मोड़ बना हादसे की वजह
घायल मनीष यादव और दीपक यादव ने बताया कि ड्राइवर वाहन को तेज गति से चला रहा था। तालगांव के आगे एक मोड़ पर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।
ड्राइवर उमाशंकर निर्मलकर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसने एक बाइक सवार को बचाने की कोशिश की, जिससे वाहन संतुलन खो बैठा।

चीख-पुकार के बीच राहत कार्य
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
- कई लोगों के सिर फट गए
- कई के हाथ-पैर टूट गए
- कुछ लोग सड़क से दूर झाड़ियों में जा गिरे
सुरक्षित बचे लोगों और राहगीरों ने मिलकर घायलों को बाहर निकाला और अन्य वाहनों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया।
घायलों का इलाज जारी
सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। गंभीर रूप से घायलों को राजनांदगांव रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस जांच में नए खुलासे
बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया:
- चालक को ड्राइविंग का कम अनुभव था (लगभग 1 साल)
- वह पहले ट्रक में हेल्पर था
- जनवरी में ही नई पिकअप उसे दी गई थी
- चालक के नशे में होने की आशंका, मेडिकल जांच जारी
जांच पूरी होने के बाद चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।
