धमतरी/ राजिम रोड पर गोबरा नवापारा क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा बजरंगपुर टोल नाका के पास रात करीब 1:30 बजे हुआ, जब एक हाइवा और ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि इसकी आवाज लगभग एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को बाहर निकाला।

घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोबरा नवापारा ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान भागवत राम साहू (65) निवासी पारागांव, सुमित यादव (19) निवासी नवागांव (कुरूद, धमतरी) और दीपक पटेल (22) निवासी कातलबोड़ (कुरूद, धमतरी) के रूप में हुई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका के अनुसार तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
