धमतरी/ जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक और सफलता मिली है। थाना मगरलोड पुलिस ने ग्राम मोहेरा में घर से संचालित अवैध गांजा कारोबार का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, नगदी और मोबाइल सहित कुल 89,930 रुपये की जब्ती की है।
पुलिस को ग्रामीणों से लगातार शिकायत मिल रही थी कि ग्राम मोहेरा में एक व्यक्ति अपने घर से अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। शिकायतों के सत्यापन के लिए पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय कर निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान पुख्ता सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान आरोपी अपने घर में खुले स्थान पर गांजा बिक्री करते हुए रंगे हाथ पकड़े गए। तलाशी के दौरान उनके पास से 1.660 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 83,000 रुपये), 4,930 रुपये नगद और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लाभाराम कुर्रे (48 वर्ष) और उनकी पत्नी सुशीला बाई कुर्रे (51 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम मोहेरा, थाना मगरलोड, जिला धमतरी के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना मगरलोड में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
