धमतरी/ जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। इसी कड़ी में थाना सिहावा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध महुआ शराब परिवहन करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ग्राम मल्हारी रानीगांव केनाल के पास मोटरसाइकिल से कच्ची महुआ शराब ले जा रहा है। सूचना मिलते ही सिहावा पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 10 लीटर कच्ची महुआ शराब, 2,000 रुपये नकद एवं एक मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-04 CT-7813) बरामद की गई। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 22,000 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

आरोपी का विवरण:
तीरनाथ मरकाम (45 वर्ष), पिता स्व. मंगलराम मरकाम, निवासी ग्राम सिरसिदा, थाना सिहावा, जिला धमतरी।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब, जुआ-सट्टा और अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
