धमतरी/ जिले के रुद्री बैराज में नहाने के दौरान एक नाबालिग युवक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। युवक का शव करीब 24 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बरामद किया गया। इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान समीर उर्फ मतलूब रिज़वी (17 वर्ष), निवासी ग्राम पाली, तहसील शाहेवजपुर, जिला हरदोई (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने कुछ साथियों के साथ काम के सिलसिले में धमतरी आया हुआ था।
शुक्रवार सुबह सभी युवक रुद्री बैराज में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान समीर गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव के कारण डूब गया। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। देर शाम तक तलाश जारी रही, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। अगले दिन सुबह फिर से खोजबीन शुरू की गई और लगभग 24 घंटे बाद शव बरामद किया गया।

मौके पर पहुंची वरदान परामर्श एंबुलेंस सेवा संस्था की टीम ने शव को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
बताया जा रहा है कि मृतक और उसके साथी उत्तर प्रदेश से धमतरी में वन औषधि बेचने का काम करने आए थे। अचानक हुई इस घटना से साथियों और परिजनों में गहरा सदमा है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि रुद्री बैराज जैसे खतरनाक स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और नहाने पर सख्ती से रोक लगाई जाए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
