धमतरी/ महिमासागर वार्ड स्थित शीतला माता मंदिर परिसर में सुविधाओं के विस्तार को लेकर धीवर समाज धमतरी ने महापौर रामू जगदीश रोहरा से आर्थिक सहायता की मांग की है। समाज के पदाधिकारियों ने मंदिर परिसर के विकास हेतु कुल 25 लाख रुपए की राशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया है।
समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि शीतला माता मंदिर की व्यवस्था लंबे समय से धीवर समाज द्वारा संचालित की जा रही है। यह मंदिर नगरवासियों की गहरी आस्था का केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।
विशेष रूप से नवरात्रि पर्व के दौरान सैकड़ों श्रद्धालु यहां मनोकामना ज्योत प्रज्ज्वलित करते हैं, लेकिन सुव्यवस्थित ज्योत कक्ष के अभाव में उन्हें असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा मंदिर परिसर में समय-समय पर विभिन्न सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है, जिससे यहां आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

इन्हीं आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए धीवर समाज ने ज्योत भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपए तथा मंदिर के खुले प्रांगण में पेवर ब्लॉक लगाने के लिए 5 लाख रुपए, कुल 25 लाख रुपए की मांग रखी है।
इस दौरान महापौर रामू जगदीश रोहरा ने कहा कि नगर के धार्मिक स्थलों का विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि शीतला माता मंदिर न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाना नगर निगम की जिम्मेदारी है।
महापौर ने आश्वस्त किया कि समाज द्वारा रखी गई मांग जनहित से जुड़ी है और इस पर गंभीरता से विचार कर जल्द ही आवश्यक कार्यवाही की जाएगी, ताकि मंदिर परिसर का समुचित विकास सुनिश्चित हो सके।
