धमतरी/ पुलिस ने जिले में अवैध शराब परोसने और शराब सेवन के लिए सामग्री उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान शुरू किया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से लगातार सघन चेकिंग की जा रही है।
पुलिस टीमों द्वारा जिले के विभिन्न होटल, ढाबा, लॉज और बार में आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं भी अवैध रूप से शराब परोसने या पीने की सुविधा उपलब्ध कराई जाती पाई गई, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की गई है। पुलिस ने कहा है कि यदि कहीं अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
