धमतरी। ईद के मुबारक मौके पर शनिवार को शहर में भाईचारे और सौहार्द की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। ईदगाह मैदान के बाहर महापौर रामू रोहरा की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुस्लिम समुदाय के लोगों को ईद की दिली मुबारकबाद दी।
नमाज़ अदा करने के बाद जैसे ही लोग ईदगाह से बाहर निकले, महापौर ने सभी से गले मिलकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और प्रेम व एकता का संदेश दिया। इस दौरान माहौल पूरी तरह उत्साह और अपनत्व से भरा नजर आया। छोटे-छोटे बच्चों ने भी आत्मीयता के साथ महापौर से मुलाकात कर उन्हें ईद की बधाई दी। महापौर ने बच्चों से स्नेहपूर्वक बातचीत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कई बुजुर्गों ने भी महापौर को आशीर्वाद देते हुए शहर में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि ईद का पर्व त्याग, सेवा, प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है और यह दिन समाज में आपसी सौहार्द को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि धमतरी की पहचान हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे के लिए रही है, जिसे बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। नगर निगम द्वारा शहर के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, जिसमें सभी समाजों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भी मुस्लिम समाज के लोगों से मिलकर उन्हें ईद की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन में आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
