Share Market Today: आज भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत कल की बड़ी गिरावट के बाद रिकवरी मोड पर हुई है. शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 352 अंक चढ़कर 74559 पर खुला. जबकि निफ्टी 108 अंकों की तेजी के साथ 23110 पर कारोबार की शुरुआत की. सुबह 09:25 बजे 288 अंक या 1.25 परसेंट की बढ़त के साथ निफ्टी 23291.05 के लेवल पर कारोबार करता नजर आया. जबकि इस समय तक लगभग 891 अंकों की छलांग लगाते हुए सेंसेक्स भी 75000 के पार चला गया. आज बैंक निफ्टी में भी सुधार है. यह फिलहाल 55326 के आसपास बना हुआ है.
गुरुवार, 19 मार्च को सेंसेक्स 2496 अंक गिरकर 74207 पर और निफ्टी 775 अंकों की गिरावट के साथ 23002 के लेवल पर बंद हुआ था.
बाजार में तेजी के कारण
- गैस और तेल रिफाइनरीज पर अटैक ना करने के इजरायल के बयान से आज शेयर बाजार में गिरावट रुकी दिखती है. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इजरायल ने यह संकेत दिया है कि वह ईरान के तेल और गैस रिफाइनरीज पर हमला नहीं करेगा. इससे निवेशकों को तेल की सप्लाई ठप होने का डर कुछ हद तक कम हुआ है.
- इजरायल के इस बयान के बाद कच्चे तेल की कीमतों में भी आज कमी आई है, जो 119 डॉलर प्रति बैरल से सीधे गिरकर अब 105 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गई है.
- अमेरिका और इजरायल की ओर से तनाव कम होने की खबरों से निवेशकों के सेंटिमेंट में सुधार हुआ है.
- शेयर बाजर में कल की 3 परसेंट की गिरावट के बाद कई मजबूत शेयरों की कीमतें कम हो गई हैं. इससे निवेशक डिस्काउंट का फायदा उठाते हुए जमकर खरीदारी कर रहे हैं.

एशियाई बाजार
शुक्रवार को एशियाई बाजार का रुख मिला-जुला रहा. हालांकि, ज्यादातर इंडेक्स नीचे कारोबार करते नजर आए. जापान में आज शेयर बाजार राष्ट्रीय अवकाश के चलते बंद रहेंगे. दक्षिण कोरिया का Kospi 1 परसेंट चढ़ा, Kosdaq ने भी लगभग 0.94 परसेंट की बढ़त हासिल की. वहीं, ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX 200 शुरुआती कारोबार में थोड़ा फिसलकर लगभग 0.27 परसेंट नीचे आ गया.
अमेरिकी शेयर बाजार
वॉल स्ट्रीट में 19 मार्च को गिरावट देखी गई. डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.44 परसेंट गिरकर 46021.43 पर बंद हुआ. S&P 500 भी 0.27 परसेंट फिसलकर 6606.49 पर बंद हुआ. इसी तरह से Nasdaq Composite भी 0.28 परसेंट की गिरावट के साथ 22090.69 पर बना रहा.
