धमतरी/ जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अर्जुनी थाना पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री और परिवहन करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से शराब, नगदी और मोटरसाइकिल सहित कुल 55,880 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अर्जुनी थाना टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम हरफतराई, मुख्य नहर पार क्षेत्र में एक व्यक्ति मोटरसाइकिल के जरिए अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
घटनास्थल पर पुलिस ने एक व्यक्ति को बैंगनी रंग के पिट्ठू बैग में शराब रखकर बिक्री करते हुए पकड़ा। गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 31 पौवा देशी शराब (कीमत 2,480 रुपये), बिक्री की नगदी 3,400 रुपये तथा CG-05 AM-7048 नंबर की मोटरसाइकिल (कीमत 50,000 रुपये) बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी टिकेश्वर साहू (38 वर्ष), निवासी ग्राम डोडकी, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी के खिलाफ अपराध क्रमांक 39/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया है। विधिवत कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
