धमतरी/ नगर निगम एवं राजस्व विभाग ने संयुक्त रूप से अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए गोकुलपुर वार्ड (लाइवलीहुड कॉलेज के पीछे) क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की। यह कार्रवाई कलेक्टर के निर्देशानुसार की गई।
जांच के दौरान पाया गया कि तीन व्यक्तियों द्वारा अपनी स्वामित्व की भूमि, जिसमें खसरा क्रमांक 38/2, 3715, 78/11 (कुल रकबा 1.011 हेक्टेयर) तथा खसरा क्रमांक 3715 में शामिल 30/5 (रकबा 0.2740 हेक्टेयर) में बिना अनुमति अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी।
इसके अलावा विनोद (पिता आसनदास) एवं प्रियंका (पति विनोद आडवानी) की स्वामित्व वाली भूमि, खसरा क्रमांक 78/20 और 78/29 (रकबा 0.2022 हेक्टेयर) में भी अवैध रूप से प्लॉट विकसित करने के उद्देश्य से मुरुम डालकर सड़क निर्माण किया गया था।

संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से निर्मित मार्ग को जेसीबी मशीन के माध्यम से ध्वस्त किया और उपयोग में लाई गई मुरुम सहित अन्य सामग्री को जब्त कर लिया। संबंधित व्यक्तियों को बिना सक्षम अनुमति के प्लॉटिंग न करने की सख्त हिदायत दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान नगर निगम एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। मौके पर पंचनामा तैयार कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण की गई।
