धमतरी/ जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मेघा में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक मिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान चुम्मन साहू, निवासी ग्राम अरौद के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, चुम्मन साहू ग्राम मेघा में एक निर्माणाधीन मकान की छत पर पाइप फिटिंग के लिए पाइप लेकर जा रहा था। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि यह हादसा बुधवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मगरलोड थाना प्रभारी लक्ष्मी नारायण शुक्ला ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर मर्ग कायम कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
