धमतरी/ शहर के स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए महापौर रामू रोहरा का संकल्प अब साकार होता नजर आ रहा है। नगर के दानी टोला, हटकेशर, आत्मानंद स्कूल गोकुलपुर, शिव सिंह वर्मा गर्ल्स स्कूल सहित अन्य विद्यालयों में प्रार्थना शेड निर्माण के लिए प्रति स्कूल 10-10 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
महापौर ने विभिन्न स्कूलों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की जरूरतों को देखते हुए प्रार्थना शेड निर्माण का संकल्प लिया था। अब इस दिशा में स्वीकृति मिलने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है।
महापौर रोहरा ने कहा कि यह केवल घोषणा नहीं, बल्कि उनका संकल्प था, जिसे पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से यह कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रार्थना शेड बनने से विद्यार्थियों को धूप, बारिश एवं अन्य मौसम संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी। साथ ही स्कूलों में प्रार्थना सभा, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य गतिविधियों का आयोजन भी सुचारू रूप से किया जा सकेगा।

महापौर ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुविधाओं का विस्तार कर रही है। उनकी सकारात्मक सोच एवं सहयोग से ही ऐसे जनहितकारी कार्य संभव हो पा रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि शहर के सभी स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए आगे भी निरंतर प्रयास जारी रहेंगे और भविष्य में अन्य आवश्यक कार्यों की भी स्वीकृति दिलाई जाएगी, ताकि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया जा सके।
इस निर्णय से विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं पालकों में खुशी का माहौल है। इसे शिक्षा विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रार्थना शेड की स्वीकृति पर विजय साहू, गजेंद्र कंवर, विनय जैन, अजय देशलहरे, महेश साहू एवं संतोषी साहू सहित अन्य लोगों ने महापौर के प्रति आभार व्यक्त किया।
