धमतरी/ आगामी जनगणना 2027 के तहत पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य धमतरी नगर निगम क्षेत्र में शुरू कर दिया गया है। इसके अंतर्गत शहर के सभी वार्डों में घर-घर जाकर भवनों की नंबरिंग की जा रही है।
नगर निगम प्रशासन द्वारा इस कार्य के लिए अधिकारियों, प्रगणकों और फील्ड ट्रेनरों की नियुक्ति कर दी गई है। जल्द ही सर्वे कार्य भी प्रारंभ किया जाएगा। इस प्रक्रिया का उद्देश्य शहर के प्रत्येक मकान का सटीक विवरण तैयार करना है, जिससे जनगणना के लिए आधारभूत आंकड़े उपलब्ध हो सकें।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि सर्वे कार्य के दौरान प्रगणकों और कर्मचारियों को सही एवं पूरी जानकारी दें, ताकि जनगणना का कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

अधिकारियों के अनुसार यह प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से सभी वार्डों में की जाएगी। यह प्रारंभिक कार्य शहर की जनसंख्या, आवासीय स्थिति और बुनियादी सुविधाओं के आकलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिससे भविष्य की विकास योजनाएं बेहतर ढंग से बनाई जा सकेंगी।
नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल और उपायुक्त पी.सी. सार्वा ने कर्मचारियों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस महत्वपूर्ण कार्य को गंभीरता से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। मकान सूचीकरण का कार्य 25 मार्च तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
