धमतरी/ जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 488 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक की भी संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, महिमासागर वार्ड नहर पार स्थित मुक्ति धाम के पास दो युवकों द्वारा अवैध रूप से गांजा बिक्री किए जाने की सूचना मुखबिर से मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सिटी कोतवाली पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की।
पुलिस को देखते ही गांजा खरीदने आए कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि मौके पर मौजूद दो संदिग्धों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में एक युवक ने अपना नाम मुकेश सोनकर (22 वर्ष) निवासी रामपुर वार्ड धमतरी बताया, जबकि उसके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक भी था।
तलाशी के दौरान बालक के पास रखे क्रीम रंग के थैले से पारदर्शी पॉलीथीन में 488 ग्राम गांजा तथा 20 नग प्लास्टिक के छोटे रेपर बरामद किए गए। वहीं आरोपी मुकेश सोनकर के पास से गांजा बिक्री की नगद राशि 4,500 रुपये जप्त की गई।

पुलिस के अनुसार, जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 24,400 रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल 28,900 रुपये का मशरूका जप्त किया गया।
मामले में सिटी कोतवाली धमतरी में आरोपी मुकेश सोनकर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत अपराध दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया है। वहीं विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
धमतरी पुलिस ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
