धमतरी/ शहर के विकास में एक और महत्वपूर्ण कड़ी जुड़ते हुए ग्राम छाती में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किया जाएगा। यह परियोजना महापौर रामू रोहरा के प्रयासों से संभव हो सकी है। प्लांट के शुरू होने से जिले के किसानों, गौपालकों और डेयरी व्यवसाय से जुड़े लोगों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है, साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
प्रस्तावित मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित होने से धमतरी और आसपास के क्षेत्रों में उत्पादित दूध का संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन आधुनिक तकनीक के माध्यम से किया जा सकेगा। इससे दुग्ध उत्पादकों को अपने उत्पाद का बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिल सकेगा।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी जिला कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में समृद्ध है और बड़ी संख्या में किसान डेयरी व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। प्लांट की स्थापना से स्थानीय दुग्ध उत्पादकों को अपने दूध के लिए बेहतर बाजार मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी।

उन्होंने बताया कि इस प्लांट के शुरू होने से दूध से बनने वाले विभिन्न उत्पाद जैसे घी, दही और पनीर सहित अन्य डेयरी उत्पादों का निर्माण भी स्थानीय स्तर पर संभव होगा। इससे डेयरी उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
महापौर ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ धमतरी को दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि जिले में विकास कार्यों की श्रृंखला लगातार आगे बढ़ रही है।
उन्होंने इस परियोजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन तथा सांसद रूपकुमारी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धमतरी क्षेत्र में उद्योग की स्थापना से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
