धमतरी/ नगर निगम द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति से पहले बकाया कर वसूली को लेकर सख्त अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त प्रिया गोयल और उपायुक्त पीसी सार्वा के निर्देश पर निगम की टीम सभी 40 वार्डों में बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
निगम द्वारा बकायादारों की सूची तैयार कर बिल नोटिस वितरण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। करदाताओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन टैक्स भुगतान की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है।
निगम के सहायक राजस्व निरीक्षक घर-घर जाकर लोगों से टैक्स, जलकर और दुकान किराया जमा करने की अपील कर रहे हैं। इसके बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

निगम प्रशासन के अनुसार बड़े बकायादारों के नल कनेक्शन काटने और दुकानों को सील करने की कार्रवाई भी फिर से शुरू कर दी गई है। 24 ऐसे दुकानदारों की सूची तैयार की गई है जिन्होंने लंबे समय से किराया जमा नहीं किया है।
वसूली दल क्रमांक-3 के प्रभारी मोहम्मद शेरखान ने बताया कि 13 मार्च को निगम की टीम ने नया बस स्टैंड धमतरी, एफसीआई गोदाम क्षेत्र धमतरी और इतवारी बाजार धमतरी की कुल 6 दुकानों को सील किया। इन दुकानों पर लगभग 1 लाख 73 हजार रुपये का बकाया था।
इस कार्रवाई में सनी वाल्मीकि, कन्हैया मांडवी, खिलावन रजक, कमलेश साहू और सरिता सोना सहित निगम की टीम शामिल रही।
