धमतरी/ जिले में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 7 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहली घटना – गंगरेल मरादेव के पास
गंगरेल मरादेव के पास एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार 5 लोग घायल हो गए। घायलों में 2 महिलाएं, 2 बच्चे और 1 पुरुष शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल धमतरी लाया गया। घायलों में शुभम पटेल (17 वर्ष), महेश्वरी पटवा (40 वर्ष), रेशमी पटेल (35 वर्ष) निवासी धमतरी सहित अन्य लोग शामिल हैं।
दूसरी घटना – नहर नाका चौक के पास
वहीं नहर नाका चौक स्थित गोलू ढाबा के पास एक सड़क हादसे में 2 लोग घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार कचरा संग्रहण करने वाली महिला कर्मचारी अपनी गाड़ी खड़ी कर सड़क पार कर रही थी। उसी दौरान बाइक सवार जितेंद्र कुमार सिंह ने नियंत्रण खो दिया और महिला कर्मचारी रमहीन बाई को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े, जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं। मौके से गुजर रहे पुलिस जवान जितेंद्र नेताम ने तुरंत मदद करते हुए वरदान परमार्थ सेवा समिति के शिवा प्रधान और हेमंत प्रधान को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया।
फिलहाल दोनों घटनाओं में घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
