धमतरी/ कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले के अंतिम छोर पर स्थित ग्राम मोहेरा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रसिद्ध निराई माता मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
दर्शन के बाद कलेक्टर ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर गांव की समस्याओं और चल रहे विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि निराई माता मंदिर की विशेष धार्मिक मान्यता है और यह मंदिर साल में केवल एक बार खुलता है। मेले के दौरान यहां हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
ग्रामीणों ने कलेक्टर को मंदिर तक पहुंचने वाले दुर्गम मार्ग और परिसर में मूलभूत सुविधाओं की कमी से अवगत कराते हुए रास्ते के व्यवस्थित निर्माण और सीमेंटीकरण की मांग की।
जनभावनाओं और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को मंदिर परिसर में आवश्यक कार्य जल्द कराने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए टाइल्स लगाने, हाई मास्ट लाइट के माध्यम से प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और पार्किंग की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निराई माता सेवा समिति के अध्यक्ष दिलीप सिंह ध्रुव ने कलेक्टर को मंदिर की परंपरा और यहां आयोजित होने वाली जात्रा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हर वर्ष चैत्र नवरात्र के प्रथम रविवार को माता का दरबार खुलता है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस वर्ष यह आयोजन 22 मार्च को होगा।
इस अवसर पर मंदिर के पुजारी ओंकार ध्रुव, नरोत्तम ध्रुव, पुलेश्वर ध्रुव, समिति के सचिव हेमंत ध्रुव, कोषाध्यक्ष अश्वनी ध्रुव, मोहेरा सरपंच भालेश्वरी कश्यप, जनपद सदस्य राजकुमारी कश्यप, रोहित ध्रुव और अमृतलाल सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रशासन जिले के अंतिम छोर तक बसे गांवों में भी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
