धमतरी/ नगर निगम के लोक निर्माण विभाग की महत्वपूर्ण बैठक विभाग अध्यक्ष विजय मोटवानी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शहर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई और अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, निर्धारित समय सीमा, नियमों और प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
विजय मोटवानी ने कहा कि शहरवासियों ने जनप्रतिनिधियों को जिन उम्मीदों के साथ चुना है, उन अपेक्षाओं पर खरा उतरना हम सभी की जिम्मेदारी है। नगर निगम का नैतिक कर्तव्य है कि नागरिकों को बेहतर और सुचारू सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम, प्रस्तावित हाईटेक बस स्टैंड, शास्त्री चौक से विंध्यवासिनी मंदिर तथा कचहरी चौक से रत्नाबांधा चौक तक सड़कों के व्यवस्थित निर्माण सहित बीटी रोड निर्माण के लिए स्वीकृत 3 करोड़ 30 लाख रुपए के कार्यों पर चर्चा की गई। साथ ही शहर के उद्यानों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी।
