धमतरी/ जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अर्जुनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो पेटी देशी प्लेन शराब (96 पौवा) और एक जायलो कार जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 2,27,680 रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान थाना अर्जुनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लिमतरा मोड़ एनएच-30 ओवरब्रिज के नीचे एक जायलो कार में अवैध शराब रखकर बिक्री की जा रही है।
सूचना मिलते ही सीएसपी धमतरी के नेतृत्व में अर्जुनी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। मौके पर एक व्यक्ति महिंद्रा कंपनी की जायलो कार क्रमांक CG-06-L-0282 के पास खड़ा मिला। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम खिलानंद उर्फ गोलू साहू (33 वर्ष) पिता ईश्वर साहू, निवासी धौराभांठा थाना अर्जुनी जिला धमतरी बताया।

पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो उसमें खाकी रंग के दो कार्टून पाए गए। जांच करने पर दोनों कार्टून में 180-180 एमएल की शीशी में भरी हुई देशी प्लेन शराब के कुल 96 पौवा मिले। बरामद शराब की कुल मात्रा 17.280 लीटर और कीमत 7,680 रुपये आंकी गई।
आरोपी शराब रखने और बिक्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने 96 पौवा देशी प्लेन शराब तथा एक पुरानी जायलो कार (कीमत लगभग 2,20,000 रुपये) को जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 37/2026 दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
