धमतरी/ जिले में अवैध शराब और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कुरूद और अर्जुनी थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में देशी शराब और नगदी सहित कुल 3,870 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
कुरूद थाना क्षेत्र में कार्रवाई
पुलिस के अनुसार थाना कुरूद को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एनएच-30 रोड पर ग्राम सेनचुवा मोड़ नहर पार के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 18 पौवा देशी मशाला शराब (कीमत 1,800 रुपये) और बिक्री की नगद रकम 350 रुपये बरामद की गई। कुल 2,150 रुपये का मशरूका जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 59/26 के तहत धारा 34(1) ख आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी का नाम कान्हा साहू (22 वर्ष), निवासी सेमरा (बी), थाना कुरूद, जिला धमतरी है।

अर्जुनी थाना क्षेत्र में दूसरी कार्रवाई
इसी तरह थाना अर्जुनी पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम तेलीनसत्ती बायपास ओवरब्रिज के नीचे एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
आरोपी के कब्जे से 17 पौवा देशी प्लेन शराब (कीमत 1,360 रुपये) और नगद 360 रुपये बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 1,720 रुपये का मशरूका जब्त कर थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 35/26 के तहत धारा 34(ए) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी का नाम हिरेन्द्र बंजारे (32 वर्ष), निवासी देमार, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी है।
धमतरी पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
