धमतरी/ धमतरी पुलिस ने अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देह व्यापार के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोबाइल फोन, दवाइयां और अन्य सामग्री सहित कुल 14,827 रुपये की मशरूका भी जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 7 मार्च 2026 को नगर पुलिस अधीक्षक को मुखबिर से सूचना मिली कि टिकरापारा वार्ड में शासकीय जिला अस्पताल के पीछे स्थित एक मकान में अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद सिटी कोतवाली धमतरी पुलिस ने गवाहों और पांइटर के साथ मौके पर दबिश दी। रेड कार्रवाई के दौरान मकान के अंदर दो युवक और दो युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए।
मामले में पुलिस ने सुशील गिलहरे (38) निवासी साल्हेवार पारा धमतरी, खुमान साहू (40) निवासी कर्मा चौक धमतरी और लोचन देवांगन (32) निवासी रामपुर वार्ड धमतरी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगद राशि, मोबाइल फोन, दवाइयां, कंडोम तथा फोन-पे ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट सहित कुल 14,827 रुपये की सामग्री जब्त की है। पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी सुशील गिलहरे मकान किराये पर लेकर महिलाओं को पैसों का लालच देकर और उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर उनसे देह व्यापार कराता था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
