धमतरी/ आईसीसी मेन्स टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश के साथ-साथ धमतरी में भी क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। शहर के विभिन्न इलाकों में लोगों ने प्रोजेक्टर और बड़ी स्क्रीन के जरिए मैच का लाइव प्रसारण देखा। जैसे ही भारत ने जीत हासिल की, वैसे ही पूरे शहर में खुशी की लहर दौड़ पड़ी।
भारत की जीत के बाद शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी एकत्र हुए और जमकर जश्न मनाया। खासकर घड़ी चौक का माहौल देखने लायक रहा, जहां युवाओं और क्रिकेट फैंस ने आतिशबाजी करते हुए भारत की जीत का जश्न मनाया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच भारत माता के जयकारे लगाए गए और लोगों ने एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी साझा की।

इस मौके पर महापौर रामू रोहरा, समाजसेवी राजेश शर्मा, विजय मोटवानी और क्रिकेट प्रेमी योगेश रायचुरा सहित कई लोगों ने कहा कि भारत की यह जीत देश के लिए गर्व का क्षण है। इसी खुशी को मनाने के लिए लोग सड़कों पर उतरकर उत्सव मना रहे हैं।
धमतरी में देर रात तक जश्न का माहौल बना रहा। शहर के कई हिस्सों में लोगों ने दिवाली और होली की तरह उत्सव मनाया। जमकर आतिशबाजी की गई और मशीनों से गुलाल उड़ाकर जीत की खुशी जाहिर की गई। पूरा शहर भारत की जीत के रंग में रंगा नजर आया।
